लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अवैध जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कैसरबाग थाना क्षेत्र के ख्यालीबाग में चल रही जुए की महफिल पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से आठ लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को इलाके में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से नकदी के अलावा 18 मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में जुआ खेलने वालों में हड़कंप मच गया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ संबंधित कानूनी कार्रवाई कर रही है।
