November 23, 2026
IMG-20260629-WA0005.jpg

के. विश्वदेव राव

सार्वजनिक जीवन में व्यक्तिगत पीड़ा और संवैधानिक दायित्वों के बीच संतुलन साधना अत्यंत दुष्कर कार्य है। कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना भी स्थितप्रज्ञ क्यों न हो, एक पुत्र के रूप में अपनी जन्मदात्री मां के निधन की सूचना पाकर विचलित हुए बिना नहीं रह सकता। मां का जाना सृष्टि का सबसे बड़ा शून्य है, जिसकी भरपाई कोई सत्ता, कोई पद या कोई भी लौकिक उपलब्धि नहीं कर सकती। लेकिन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी माता सावित्री देवी जी के निधन के बाद जिस अकल्पनीय धैर्य, संयम और कर्तव्यपरायणता का परिचय दिया है, वह न केवल विह्वल करने वाला है, बल्कि राजधर्म के पालन की ऐसी कालजयी मिसाल बन गया है, जिसे आने वाली पीढ़ियां आदर के साथ याद रखेंगी।
गोरखपुर की धरती बीते शुक्रवार को एक ऐसे क्षण की साक्षी बनी, जिसने हर संवेदनशील मनुष्य के अंतर्मन को झकझोर कर रख दिया। मुख्यमंत्री वहां चंपा देवी पार्क में 50 हजार विद्यार्थियों के लिए आयोजित टैबलेट वितरण समारोह में उपस्थित थे। कार्यक्रम का माहौल बेहद उत्सवी और उत्साहपूर्ण था। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जा रही थी, मुख्यमंत्री अपने हाथों से विद्यार्थियों को टैबलेट के रूप में उनके सपनों के पंख सौंप रहे थे। उन्होंने पूरे उत्साह से युवाओं को संबोधित किया, उन्हें करियर संवारने का गुरुमंत्र दिया। लेकिन, नियति को शायद इसी क्षण एक योगी की सबसे कठिन परीक्षा लेनी थी। जैसे ही उनका ओजस्वी संबोधन समाप्त हुआ और वह मंच से उतरकर विद्यार्थियों के बीच जाने के लिए आगे बढ़े, उन्हें वह सूचना मिली जो किसी भी इंसान को झकझोर देने के लिए काफी होती है- मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं!
यह वह क्षण था जहां मुख्यमंत्री के भीतर शोक का अथाह सागर उमड़ा होगा, आंखों के सामने मां का चेहरा आ गया होगा, लेकिन सामने हजारों ऐसे बच्चे खड़े थे, जिनकी आंखों में अपने प्रदेश के मुखिया से मिलने, उनके साथ एक तस्वीर खिंचवाने और भविष्य की प्रेरणा पाने की चमक थी। कोई अन्य शायद उसी क्षण टूट जाता, व्यथा में डूब जाता। लेकिन, योगी आदित्यनाथ ने उस असहनीय व्यक्तिगत पीड़ा को अपने भीतर कहीं बहुत गहराई में दफन कर लिया। असहनीय दर्द को चेहरे के पीछे छिपाकर वह संयत कदमों से विद्यार्थियों के बीच गए। उनके साथ सेल्फी खिंचवाई, मुस्कुराकर आशीर्वाद दिया और कार्यक्रम को उसकी पूर्णता तक पहुंचाया। उन बच्चों को इस बात का रत्ती भर भी भान नहीं था कि जो अभिभावक उनके कंधों पर हाथ रखकर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दे रहा है, उसका ह्रदय मातृशोक की गहरी पीड़ा से भरा है। यह ‘कर्मयोग’ की पराकाष्ठा थी, जहां एक शासक के लिए अपने व्यक्तिगत आघात से ऊपर जन कल्याण था।
हालांकि, जो लोग योगी आदित्यनाथ के जीवन दर्शन और उनके संकल्प को करीब से जानते हैं, वे इस बात से भली-भांति परिचित हैं कि यह पहली बार नहीं है जब इस कर्मयोगी ने राजधर्म के लिए अपने पारिवारिक मोह और व्यक्तिगत शोक का त्याग किया हो। अप्रैल 2020 के उस भयानक दौर की याद करें, जब पूरा देश और उत्तर प्रदेश वैश्विक महामारी कोरोना की पहली और सबसे जानलेवा लहर से जूझ रहा था। उसी दौरान मुख्यमंत्री को सूचना मिली थी कि उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट जी का निधन हो गया है। उस समय प्रदेश के 24 करोड़ लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का जिम्मा सीधे तौर पर योगी आदित्यनाथ के कंधों पर था। एक तरफ पिता के अंतिम दर्शन की लालसा थी और दूसरी तरफ महामारी से लड़ रही प्रदेश की जनता।
उस कठिन घड़ी में भी योगी आदित्यनाथ ने अश्रुपूर्ण नेत्रों से एक पत्र लिखकर अपने पिता के अंतिम संस्कार में जाने से इनकार कर दिया था। उन्होंने स्पष्ट किया था कि इस समय प्रदेश की जनता ही उनका परिवार है और लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए महामारी से लड़ना उनका सर्वोच्च दायित्व है। एक पुत्र ने अपने पिता के अंतिम दर्शन का मोह इसलिए त्याग दिया ताकि प्रदेश के लाखों पिताओं और पुत्रों को महामारी के ग्रास से बचाया जा सके। पिता के निधन पर अंतिम दर्शन न कर पाना और अब माता के निधन की सूचना मिलने पर भी युवाओं के भविष्य से जुड़े कार्यक्रम को बीच में न छोड़कर जाना, ये दोनों घटनाएं बताती हैं कि योगी आदित्यनाथ का यह आचरण कोई क्षणिक निर्णय या राजनीतिक दिखावा नहीं है। यह उनके जीवन का वह मूल तत्व है, जिसे उन्होंने गोरक्षपीठाधीश्वर और प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में पूरी तरह से आत्मसात कर लिया है। उनके लिए प्रदेश की सेवा और जन-कल्याण ही सच्ची पूजा है।
माता के निधन के बाद अगले 24 घंटों का घटनाक्रम इस त्याग और समर्पण की भावना को और भी अधिक गहराई से रेखांकित करता है। शुक्रवार शाम को अपना कर्तव्य पूरा करने के बाद ही वह गोरखपुर से निकले और अपने पैतृक गांव पहुंचे। अगले दिन शनिवार की सुबह हरिद्वार में मां को अश्रुपूर्ण नेत्रों से अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री ने मुखाग्नि देकर एक पुत्र का अंतिम लौकिक धर्म निभाया। इसके तत्काल बाद वह पुनः अपने संवैधानिक दायित्वों की ओर लौट पड़े। शनिवार शाम को ही लखनऊ में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह का बड़ा आयोजन पूर्व निर्धारित था।
जो उनके जीवन का सबसे भारी और अंधकारमय दिन था, उसी दिन वह हरिद्वार से लौटकर लखनऊ के मंच पर प्रदेश के युवाओं के कौशल और उनके भविष्य की योजनाओं पर चर्चा कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश के अभिभावक की भूमिका निभाते हुए वहां उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया और स्किल्ड युवाओं के जीवन में आए बदलाव की कहानी देशवासियों को बताई। उनके चेहरे पर मां के बिछड़ने की गहरी पीड़ा और यात्रा की थकान स्पष्ट पढ़ी जा सकती थी, लेकिन उनके शब्दों, उनके संकल्प और उनके दायित्व बोध में कोई दरार नहीं थी।
श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है कि जो दुःख की प्राप्ति होने पर उद्विग्न नहीं होता और सुख की लालसा से मुक्त है, वही सच्चा मुनि है। योगी आदित्यनाथ ने इस श्लोक को अपने जीवन में अक्षरशः चरितार्थ कर दिया है। मुख्यमंत्री का यह आचरण नौकरशाही, समाज और समूची राजनीतिक व्यवस्था के लिए एक बहुत बड़ा नैतिक संदेश है। यह उन तमाम लोगों के लिए एक कड़ा सबक है, जो सार्वजनिक जीवन में छोटी-छोटी असुविधाओं या निजी कारणों से अपने दायित्वों से मुंह मोड़ लेते हैं। मातृशोक की अथाह पीड़ा को भीतर समेटे हुए योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह युवाओं के कल्याण और प्रदेश सेवा के प्रति अपना अटूट समर्पण दिखाया है, वह स्तुत्य है।



pk-logo
PK_Newsdesk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

What does 7 Days of Valentine means? LIFE CHANGING SPORTS QUOTES 4 Guinness World Records BTS broke in 2022 Sustainability Tips for Living Green Daily Quote of the day