November 24, 2026
IMG-20261124-WA0004


के विश्वदेव राव

काग़ज़ पर नहर है, पानी है, उपज बढ़ी है, और खेत में धूल उड़ रही है। अर्थार्थ, आँकड़े झूठे थे पर असल में आँकड़ा सच का स्थान ले चुका था। अब सोचिये, पेरिस, गोथेनबर्ग और लंदन की सुसज्जित तालिकाओं से प्रसारित आकड़ें भी कुछ ऐसे ही हों तो?
हर वर्ष किसी पश्चिमी राजधानी से फ़रमान आता है कि विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र, भारत फिर फिसल गया। इस बार रिपोर्टर विदआउट बॉर्डर (आरoविoबाo) संगठन ने भारत को एक सौ अस्सी देशों में 157वाँ स्थान दिया है। गत वर्ष हम 151वें थे।
आलोचकों के पास मसौदा पेश हो चुका है, पत्रकारों पर हिंसा, समाचार-स्वामित्व का केंद्रीकरण, सत्ता-अनुकूल चैनल और क़ानूनी दबाव। मेरा मत सीधा है। ये आरोप गंभीर हैं और उत्तर के अधिकारी हैं। पर उत्तर की शुरुआत उसी तालिका को पढ़ने से होती है जिसमें ये आरोप दर्ज हैं, और उन्हें लिखने वाले लेखा-परीक्षकों की जाँच से।
तालिका ऊपर से देखिए तो विचित्र दृश्य उभरता है। बुर्किना फ़ासो, नाइजर और माली, जहाँ सैनिक शासक सुरक्षा के नाम पर पत्रकारिता का गला दबाए बैठे हैं, भारत से ऊपर हैं। सोमालिया, दक्षिण सूडान और हैती भी ऊपर हैं, जहाँ सशस्त्र गिरोह पूरे इलाक़े पर काबिज़ हैं। 2023 में तख़्तापलट करने वाले अफ़सरों का “गैबॉन” 43वें पायदान पर है, यानी हमसे 114 सीढ़ियाँ ऊपर। प्रश्न सहज है: क्या सचमुच “किदाल” या “पोर्ट-ओ-प्रिंस” का पत्रकार, लखनऊ या भारत के किसी भी शहर के पत्रकार से अधिक निश्चिंत और सुरक्षित है?
मेरा मानना है कि जब कोई यंत्र ऐसा कहे, तब उस यंत्र की जांच करनी ज़रूरी है।
पर एक बात को ध्यान में रखनाचाहिए कि यह एक सूचकांक की सनक नहीं, एक प्रवृत्ति है। भ्रष्टाचार की तालिका में चीन, वियतनाम और क्यूबा, जहाँ स्वतंत्र निगरानी-संस्था की कल्पना भी अपराध है, हमसे आगे बैठे हैं। अंकों का अंतर इतना बारीक है कि एक अंक की घट-बढ़ देश को कई पायदान इधर-उधर कर दे। स्वतंत्रता के एक पैमाने पर भारत “आंशिक रूप से स्वतंत्र” है, दूसरे पर “निर्वाचित तानाशाही”, तीसरे पर “दोषपूर्ण लोकतंत्र”। जिस देश में करोड़ों लोग मतदान करते हैं और सरकारें मतपेटी से बदल जाती हैं, उसे एक ही साँस में तानाशाही और आंशिक स्वतंत्रता कहने वाला मापदंड अपनी विश्वसनीयता स्वयं खो देता है। प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद ने भी इन सूचकांकों की मनमानी अंक-पद्धति पर उँगली उठाई थी।
अब सुरक्षा की कसौटी लीजिए। पत्रकार-सुरक्षा समिति के अनुसार 2025 में विश्व में 129 पत्रकार और समाचारकर्मी मारे गए। उनमें से अधिकांश ग़ाज़ा, यमन, सूडान और यूक्रेन जैसे युद्ध-क्षेत्रों में मरे। मेक्सिको में छह पत्रकार मारे गए और एक भी मामला सुलझा नहीं। जमाल ख़ाशोग्जी (सऊदी में) की हत्या का स्मरण आज भी चुभता है। फिर भी सुरक्षा-अंक की तालिका में शांतिकाल का भारत उन देशों से अधिक ख़तरनाक ठहरता है जहाँ गिरोह और उग्रवादी राज करते हैं। यह कुछ अपच सा लगता है।
पर यहीं रुककर अपने गिरेबान में झाँकना भी ज़रूरी है, वरना यह लेख भी उसी आत्म-मुग्धता का शिकार होगा जिसकी मैं निंदा कर रहा हूँ। आतंकवाद-निरोधी क़ानूनों का पत्रकारों पर प्रयोग, मुक़दमों की झड़ी, और विज्ञापन की डोर से समाचार-संस्थानों को साधने के आरोप केवल पश्चिमी षड्यंत्र नहीं हैं। भारतीय पत्रकार स्वयं उन्हें लिखते और झेलते रहे हैं। उक्त प्रतिवेदन का “विधिक सूचक” गिरावट वाले गिने-चुने देशों में हमें रखता है, और इसे हँसकर टाल देना अपनी ही संस्थाओं का अपमान होगा। प्रश्न यह भी है कि जब कोई कसौटी कुछ मामलों में कठोर और कुछ में बेतुकी हो, तो क्या हम उसकी बेतुकी बातें गिनाकर कठोर बातों से मुक्ति पा सकते हैं?
इस वर्ष की गिरावट को तौलिए तो बात और सूक्ष्म होती है। हमारा कुल अंक एक अंक के आसपास ही खिसका है, उस भीड़ भरे हिस्से में जहाँ एक अंक कई स्थान निगल जाता है। वर्ष 2024 में हम 159वें थे, और 157वाँ स्थान उससे ऊपर है। वैश्विक स्तर पर पत्रकारिता की स्वतंत्रता पच्चीस वर्षों के निम्नतम बिंदु पर है, और अमेरिका तक सात पायदान गिरकर 64वें पर आ गया। अमेरिकी राष्ट्रपति का पत्रकारों पर बार-बार ताने कसना, उनकी प्रसारण-अनुमति छीनने की धमकी देना, किसी को अपमानजनक संबोधन देना, यह सब दर्ज है। इससे अमेरिका तानाशाही नहीं बन जाता, उसकी अदालतें और मतदाता सजग हैं। पतो फिर यही तर्क भारत पर लागू क्यों न हो?
जो पैमाना सबके लिए एक न्याय नहीं बरत सकता, वह तराज़ू नहीं, राय है।
इस राय में प्रमुख्यता चार दोष दिखते हैं। पहला, लोकतंत्र की तुलना आदर्श से होती है और ढहे हुए राज्य की तुलना रसातल से, इसलिए ज़रा-सी राहत भी पुरस्कृत हो जाती है। दूसरा, बंदरगाह पर माल के रुकने का समय और पेटेंट के लिए आवेदन गिने जाते हैं, जबकि पत्रकारिता, लोकतंत्र और भ्रष्टाचार के सूचकांक विशेषज्ञों और संस्थाओं की धारणा पर टिके हैं, यानी एक योग्य वर्ग की भावना मापी जाती है, जनजीवन की सच्चाई कम। तीसरा, शोर को दंड और सन्नाटे को पुरस्कार मिलता है। भारत में घोटाले संसद में उठते हैं, जनहित याचिकाओं में लड़े जाते हैं और प्रसारणों में चीखे जाते हैं, और हर एक नकारात्मक अंक बन जाता है, जबकि जहाँ भय पूर्ण है वहाँ घोटाला सतह पर आता ही नहीं और चुप्पी स्वच्छता समझ ली जाती है। चौथा, एकरूप, ऊपर से चलने वाली व्यवस्था बाहर से सुघड़ दिखती है, और संघीय, बहुस्तरीय लोकतंत्र बिखरा हुआ। कुछ भारतीय विश्लेषक पाँचवाँ तर्क जोड़ते हैं कि ये संस्थाएँ (जो हमारा मूल्यांकन करती हैं) अधिकतर पश्चिमी राजधानियों में बसी हैं और हमारा निम्न अंक प्रति-द्वंद्वियों के काम आता है।
भारत को इन आकड़ों के सामने बहुत काम करने पड़ेंगे, जैसे अदालतें में त्वरित न्याय व्यस्था, अनुसंधान पर अधिक व्यय, कार्यक्षेत्र में अधिक स्त्रियाँ। सच्ची आत्म-आलोचना लोकतंत्र की शक्ति है।
तो प्रश्न शेष रहते हैं। क्या शोर और स्वतंत्रता एक ही वस्तु हैं, और क्या कोई समाज इतना मुखर होकर भी भीतर से घुट सकता है?
जो तराज़ू सैन्य शासकों को मतपेटी से ऊपर रखे, उसे हम सुधारने की माँग करें या उसकी चेतावनियों को भी ठुकरा दें? और सबसे कठिन प्रश्न यह कि जब अपना घर सचमुच आलोचना का पात्र हो, तब क्या हम केवल आलोचक की नीयत पर विवाद करते रहेंगे?
हमारी चतुराई इसमें होनी चाहिए कि न हम तालिका के आगे दंडवत हों, न उसे फेंककर निश्चिंत सो जाएँ। जो पैमाना लोकतंत्र और सैन्य शासन का भेद न कर सके, उससे पूछा जाना चाहिए कि वह क्या माप रहा है। और जो लोकतंत्र अपने पत्रकार को सुरक्षित न रख सके, उसे भी स्वयं से वही प्रश्न पूछना चाहिए।



pk-logo
PK_Newsdesk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

What does 7 Days of Valentine means? LIFE CHANGING SPORTS QUOTES 4 Guinness World Records BTS broke in 2022 Sustainability Tips for Living Green Daily Quote of the day